रायपुर : छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन सट्टेबाजी एप पर ईडी की लगातार कार्यवाही पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है। सीएम ने कहा कि ED, CBI और IT लोकतंत्र के लिए खतरा बन गई है। इसका इसका दुरुपयोग भारतीय जनता पार्टी और केंद्र में बैठी सरकार कर रही है।
सीएम ने कहा, इसका ताजा उदाहरण और सबूत यही है कि बीजेपी के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने कल ही सरगुजा में कहा कि आगे देखते जाइए 2 महीने में और क्या-क्या होता है? सीएम ने ED पर ऑनलाइन एप के मामले में सरकार को बदनाम करने का आरोप लगाया है। सीएम ने कहा कि ये लोग एक विभाग में जाते हैं, फिर दूसरे विभाग में जाते हैं और फिर वहां कुछ नहीं मिलने पर तीसरे विभाग में चले जाते हैं,वहां भी इन्हे कुछ नहीं मिलता।
बघेल ने कहा कि अभी ऑनलाइन ऐप पर चल रहा है। जिस पर हमने कार्रवाई की और लुक आउट सर्कुलर भी जारी किया है। इनका मकसद राजनीति है, मुख्य आरोपियों पर कार्रवाई करना इनका उद्देश्य नहीं है। सीएम ने कहा कि शराब के मामले में ईडी डिसलर्स के खिलाफ कोई कार्रवाई इन्होंने नहीं की, ना उनकी संपत्ति जप्त की ना उनकी गिरफ्तारी हुई जबकि मेन खिलाड़ी तो वही हैं।
अडानी का नाम लेकर बीजेपी पर हमला
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आगे कहा अभी आपने देखा एसईसीएल जो खुद ही कोयला का उत्खनन करता है। आज अडानी को रायगढ़ में 20 सालों के लिए खदान दिया गया है। छत्तीसगढ़ में बहुत सारे खदानें हैं, जो उन्हें दी गई है। CM ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को वोट देना सीधी-सीधी बात है अडानी को छत्तीसगढ़ को सौंप देना। चाहे वो कोयला खदान हो, आयरन ओर हो ,चाहे ट्रेन या एयरपोर्ट हो सबके लिए यही स्थिति बन रही है। सीएम ने कहा कि आज जो कार्रवाई हो रही है केवल इसीलिए कि उनको हम कोयला खदान नहीं दे रहे।

