महासमुंद : महासमुंद पुलिस ने दो करोड़ की शराब जब्त की है.सिघोडा पुलिस ने एक ट्रक से 400 पेटी शराब जब्त की है.दरअसल यह पूरा घटनाक्रम महासमुंद जिले के सिघोडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत का है। जहां पुलिस को सुचना मिली कि, दो लोग ट्रक में भरकर भारी मात्रा में शराब झारखंड से लेकर बीजापुर जा रहे है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दी, जिसके बाद पुलिस को एक ट्रक आता दिखा।
तलाशी लेने पर पुलिस को 400 पेटी गोवा शराब मिली जिसकी कीमत दो करोड़ तीस लाख रुपये से भी ज्यादा आंकी गई है साथ ही आरोपियों के पास से 8100 कैश बरामद किया गया है। जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध पुलिस ने धारा 34(2), 59 (क) आबकारी अधिनियम के तहत कार्यवाही कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया।
दोनों गिरफ्तार आरोपी इतने शातिर थे कि, उन्होंने ट्रक के उपर भूसे की एक परत चढ़ा रखी थी। जब पुलिस द्वारा उन्हें चेकिंग के लिए कहा गया तो आरोपियों ने भूसा दिखाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, जिसके बाद जब पुलिस ने चेकिंग की तो भारी मात्रा में शराब की पेटियां बरामद की गयी। जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

