राजनांदगांव : छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव के डोंगरगांव और सोमनी के बीच घेराबंदी कर पुलिस ने 180 पेटी अवैध शराब के साथ 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 20 लाख रुपए आंकी गई है। शराब की तस्करी सब्जी वाहन में पत्ता गोभी के नीचे छिपा कर की जा रही थी।
जिले अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सोमनी थाना क्षेत्र के ठाकुरटोला टोल नाका के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों के कब्जे से मालवाहक एमएच 49 एटी 9818 में 100 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की गई है। जिसकी कीमत 10 लाख 35 हजार रुपए आंकी गई है।
आरोपी वाहन चालक आकाश लोखंडे उम्र 27 साल और और हेल्पर मनोज काड़े उम्र 36 साल जालनाखेड़ा थाना नारखेड नागपुर के रहने वाले हैं। दोनों मालवाहक में पत्ता गोभी के नीचे शराब छिपाकर आ रहे थे।
एक अन्य मामले में डोंगरगांव पुलिस ने मालवाहक एमएच 49 डी 0154 सहित 80 पेटी अंग्रेजी शराब कीमती 5 लाख 57 000 रुपये को जब्त किया है। आरोपी रोहित बाबर और आमीर खान को गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी भी नागपुर, महाराष्ट्र के रहने वाले हैं।
