कांकेर : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है. जहां नरहरपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम थानाबोड़ी में करेंट की चपेट में आने से मादा भालू और उसके बच्चे की मौत हो गई. दोनों का शव सुबह खेत में पड़ा मिला तो किसान ने वन विभाग को इसकी सूचना दी. बताया जा रहा है कि किसान ने खेत में बोर के लिए तार लगा रखा था, उसकी चपेट में मादा भालू और उसका बच्चा आ गए. वन विभाग ने दोनों का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामला नरहरपुर परिक्षेत्र का है. नरहरपुर प्रभारी वन परिक्षेत्र अधिकारी धनलाल साहू ने बताया कि, थानाबोड़ी गांव में प्रेम सिन्हा के खेत में मादा भालू और उसके बच्चे का शव बरामद हुआ है. मादा भालू की उम्र लगभग 5 साल और बच्चा 4 महीना का है. प्रेम सिन्हा ने खेत में बोर के लिए विद्युत कनेक्शन लिया था, जिसकी चपेट में भालू आया है.

