बिलासपुर : जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मोगरा मालाखार के खेत में दो युवकों की संदिग्ध अवस्था में लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर मौके में पहुंची पुलिस ने देखा कि शव के चेहरे से खून निकला हुआ है और दूसरा शव थोड़ा जला हुआ है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बता दें कि मोगरा माला खार में दोनों के शव एक ही जगह पर पड़े मिले। दोनों की पहचान गांव के ही राजेश यादव 40 वर्ष व लखन कैवर्त्य 45 वर्ष के रूप में की। घटना की जानकारी उनके परिजनों के साथ ही पुलिस को दी गई। जांच के दौरान पता चला कि एक मृतक के चेहरे से खून निकला हुआ था और दूसरे का शव जला हुआ और कान से खून निकला था।
पूछताछ में परिजनों ने बताया कि गुरुवार करीब 7 बजे राजेश और लखन टॉर्च और डंडा लेकर घर से निकले थे। लेकिन वापस नहीं लौटे इसके बाद परिजनों ने दोनों की तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। दूसरे दिन शुक्रवार को दोनों की लाश मिली है। बताया जा रहा है कि दोनों युवकों के पैर में जलने के निशान मिले हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि बिजली करंट लगने से उनकी मौत हुई होगी।
जिस जगह पर लाश पड़ी थी, वहां से कुछ दूर खेत में गांव के ही चिंताराम उसके पिता जेठूराम कैवर्त्य ने बाड़ी में करंट लगा दिया था। ताकि, वहां जानवर न आ सके। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस उन्हें पकड़कर पूछताछ कर रही है। फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

