जगदलपुर : शहर के शांति नगर में रहने वाली एक महिला को पेट्रोल से कचरा जलाना महंगा पड़ गया। इस घटना में महिला व उसकी सास आग की चपेट में आकर झुलस गई। दोनों को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है।
बता दें कि शांतिनगर में रहने वाली अनिता 28 वर्ष शुक्रवार की सुबह अपने दोनों बच्चों को स्कूल भेजने के बाद घर में रखे कचरे को जलाने का काफी देर तक प्रयास कर रही थी। आग नहीं जलने के कारण उसने घर में रखे पेट्रोल को कचरे के ढेर में डाल दिया। इस दौरान महिला ने जैसे ही माचिस की तीली जलाई तो पेट्रोल ने आग पकड़ ली और इसकी चपेट में आ गई।
चीख सुनकर उसे बचाने घर में मौजूद अनीता की सास रेखा बाई 60 वर्ष आई और झुलस रही बहू को बचाने का प्रयास किया। आग के तेज होने के कारण रेखा के हाथ भी जल गए। बाद में पड़ोसियों की मदद से आग में जल रही दोनों महिलाओं को बचाया। दोनों को इलाज के लिए महारानी अस्पताल ले गए, जहां से महिलाओं की स्थिति को देखते हुए उन्हें मेकाज रेफर कर दिया गया है।

