कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा में बुधवार को नवरात्रि के पहले दिन निकल रही शोभायात्रा में बड़ा हादसा टल गया। शोभायात्रा के दौरान निकल रही झांकियों में से एक में अचानक आग लग गई। इसके बाद वहां भगदड़ मच गई। आनन-फानन में फायर इंस्टीग्यूशर से आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक भैरव वेश में झांकी में ऊपर बैठा कलाकार झुलस गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं शोभायात्रा इसके बाद आगे बढ़ गई है। उसे रोका नहीं गया है। सुरक्षा के इंतजाम कड़े किए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, चैत्र नवरात्रि के पहले दिन हिंदू समाज की ओर से शोभायात्रा निकाली जा रही है। यह शोभायात्रा सीतामढ़ी से कोरबा की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान शाम करीब 6.30 बजे अचानक से शोभायात्रा में शामिल भैरव बाबा की झांकी में आग लग गई।
इस दौरान झांकी में ऊपर की ओर भैवर का वेश रखकर एक कलाकार बैठा हुआ था। अचानक लगी आग में उसे संभलने का मौका नहीं मिला। उसने जान बचाने के लिए ऊपर से ही छलांग लगा दी। हालांकि इसके बाद भी वह झुलस गया है।
