रायपुर : भाजपा ने कल राजधानी में जमकर शक्ति प्रदर्शन किया। गरीबों के आवास को लेकर विधानसभा घेराव के लिए निकले भाजपा कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ कई बार भिड़त हुई। भाजपा कार्यकर्ता आज काफी उग्र दिखे, उन्होंने कई बैरिकेट को तोड़ दिया। इस दौरान कई पुलिसकर्मी भी चोटिल हो गये। रायपुर पुलिस के मुताबिक आधा दर्जन पुलिसकर्मियों को झूमा झटकी के दौरान चोटें आयी है।
बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर केनन चलाई, भीड़ के सामने स्मोक बम फेंके। उधर, पुलिस ने पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव समेत 500 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। सभी को बस में बिठाकर पुलिस ले गई। भाजपा कार्यकर्ता विधानसभा चौक तक पहुंच गये थे। घेराव शुरू होने से पहले ही भारतीय जनता युवा मोर्चा ने 2 किलोमीटर पहले सड़क पर लगाई गई बैरिकेडिंग तोड़ दी ।
इसके बाद कार्यकर्ताओं की भीड़ पहुंची। ये सब कुछ 2 घंटे तक चलता रहा। पुलिस बार बार ये कहती रही कि इन क्षेत्रों में धारा 144 लगा हुआ है, बावजूद भाजपा कार्यकर्ता आगे बढ़ते रहे। घेराव के पहले भाजपा की तरफ से बड़ी सभा की गयी, जिसे भाजपा के तमाम दिग्गज नेताओं ने संबोधित किया। प्रभारी ओम माथुर ने कहा- इस बार यहां सरकार बदलनी है। नवंबर तक ये आंदोलन हमको करना है। मुझे और रमन सिंह को भी लगभग एक घंटे जाम में फंसे रहना पड़ा। सड़क पर भी ऐसी ही भीड़ दिखनी चाहिए।
डॉक्टर रमन ने कहा कि यदि आवास नहीं दोगे तो हम सरकार बदलकर 16 लाख आवास बना देंगे। 4 किलोमीटर तक कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर दी है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा-भीख नहीं अधिकार चाहिए। कांग्रेस ने कभी गांव गरीबों की चिंता नहीं की। याद कर लो गांव का तरक्की का कारण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना है। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा था-सरकार खाली चोचलेबाजी करती है। यहां सरकार नहीं सर्कस चल रही। एक से एक आइटम हैं।
