बिलासपुर :- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित जूना कतियापारा इलाके में आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक घर के किचन में खाना बनाने के दौरान घरेलू गैस सिलेंडर का पाइप अचानक फट गया। पाइप फटने के साथ ही तेजी से गैस का रिसाव शुरू हुआ, जिसने पल भर में विकराल आग का रूप ले लिया।
मची चीख-पुकार
इस भीषण हादसे के वक्त किचन में तीन महिलाएं खाना बनाने का काम कर रही थीं, जो आग की लपटों की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गईं। घर में मची चीख-पुकार सुनकर बचाव के लिए दौड़े एक पुरुष सदस्य भी आग बुझाने की कोशिश में झुलस गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है।

