बालोद:- जिले के ग्राम पोंडी मटिया में बीती रात एक दर्दनाक हादसा हो गया. गांव में आयोजित रात्रिकालीन झांकी कार्यक्रम के दौरान एक टीन शेड अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आने से लगभग 10 लोग घायल हो गए हैं. घायलों में से एक की स्थिति गंभीर है. उसे उच्च संस्थान के लिए रेफर किया गया है, जबकि अन्य का उपचार जिला अस्पताल में जारी है.
उत्साह में बरती गई लापरवाही
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पोंडी मटिया में झांकी का भव्य आयोजन किया गया था. झांकी देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी थी. बेहतर दृश्य पाने की होड़ में बड़ी संख्या में लोग पास ही स्थित एक टीन शेड के ऊपर चढ़ गए. चश्मदीदों के मुताबिक, शेड लोगों का वजन सह नहीं पाया और अचानक ढह गया. शेड गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई.
गुणवत्ता और सुरक्षा पर उठ रहे सवाल
हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों और आयोजकों की मदद से घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल पहुंचाया गया. इस घटना ने आयोजन स्थल पर सुरक्षा इंतजामों और टीन शेड के निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. बताया जा रहा है कि शेड की हालत पहले से ही कमजोर थी या वह जरूरत से ज्यादा लोगों का भार सहन करने के लिए नहीं बना था.

