मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर:- वन मंडल मनेंद्रगढ़ के अंतर्गत जनकपुर वन परिक्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. ग्राम पंचायत महदौली के ग्राम बरछा (मोहल्ला मैरटोला) में तेंदुए के हमले से दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए. इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है.
खेत में फसल कटाई के दौरान तेंदुए का हमला
बुधवार शाम करीब 5 बजे रामसरण बैगा (उम्र 42 वर्ष) अपने खेत में अरहर की फसल काट रहा था. तभी खेत में छिपे तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उनके पैर को गंभीर रूप से घायल कर दिया. रामसरण के शोर मचाने पर तेंदुआ वहां से भागा और पास ही गेहूं की कटाई कर रहे विजय सिंह (उम्र 45 वर्ष) पर भी हमला कर दिया. इस हमले में विजय सिंह के चेहरे और कंधे पर गंभीर चोटें आईं है.
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर में इलाज
दोनों घायल किसी तरह अपनी जान बचाकर घर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी. इसके बाद उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
ग्रामीणों ने वन विभाग से मुआवजा की मांग की
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं. बताया जा रहा है कि न तो मौके पर कोई अधिकारी पहुंचा और न ही घायलों को कोई तत्काल सहायता राशि दी गई.

