बिलासपुर:- संस्कारधानी में एक बार गुंडों ने तांडव मचाया है. मंगलवार रात करीब 9:28 के आस-पास नकाबपोश बदमाशों ने एक ज्वेलरी कारोबारी पर जानलेवा हमला कर दिया. बदमाशों ने हमला कर सोने-चांदी के जेवरात कारोबारी से लूट लिए.
आभूषण कारोबारी से लूट की वारदात
लूट की ये सनसनीखेज वारदात सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर से टेलीफोन एक्सचेंज रोड के बीच सुनसान इलाके में हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई. पीड़ित के परिवार वालों और परिचितों ने बताया कि जख्मी संतोष तिवारी की सोने चांदी की दुकान है. वारदात वाले दिन वो दुकान बंद करके अपनी कार से अपने घर लौट रहे थे.
कारोबारी पर जानलेवा हमला
परिचितों ने बताया कि घर लौटने के दौरान जब संतोष तिवारी राजकिशोर नगर शक्ति चौक से बीएसएनएल ऑफिस के बीच पहुंचे, तभी उनकी गाड़ी को एक और कार और बाइक ने घेरकर रोक लिया. बाइक और कार में कुल तीन से चार लोग सवार थे. संतोष तिवारी को जबरन गाड़ी से बाहर निकाला और उनपर पिस्तौल तान दी.
आरोप है कि बदमाशों ने पिस्टल तानकर जेवरात सौंपने की धमकी दी, विरोध करने पर आरोपियों ने पिस्टल के बट एवं हथौड़े से संतोष तिवारी के सिर पर हमला कर दिया. कारोबारी के जख्मी होते ही आरोपी कार में रखे सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए. बताया जा रहा है कि बदमाश भागते समय अपनी कार (CG 10 BJ 8147 और पैशन प्रो मोटरसाइकिल CG 10 P 0331 मौके पर ही छोड़ कर भाग निकले. किसी तरह से घायल संतोष तिवारी सरकंडा थाने पहुंचे और घटना की सारी जानकारी पुलिस को दी.

