कोरबा:- जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। कटघोरा क्षेत्र के जेजंरा बायपास मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार युवको को चपेट में लेकर टक्कर मार दी। इस हादसे बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक सड़क दुर्घटना का ये मामला कटघोरा थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक हुंकरा की ओर से मुड़ाभाटा की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान अंबिकापुर की तरफ से आ रहा कोयला लोड तेज रफ्तार ट्रेलर जेजंरा की ओर बढ़ रहा था। जैसे ही दोनों वाहन मुड़ाभाटा बायपास स्थित पुलिया के मोड़ के पास पहुंचे, आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान ग्राम घुंचापुर निवासी कृष्णा दास और ग्राम साखो निवासी बिहारी यादव के रूप में हुई है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था। लेकिन कटघोरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।

