धमतरी:- जिले के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है. यहां जल्द ही नया सैनिक स्कूल खुल सकता है. लोक शिक्षण संचालनालय ने इसके लिए अपनी प्रारंभिक सहमति दे दी है. धमतरी कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने 13 फरवरी 2026 को प्रस्ताव भेजा था. इस पर सहमति मिल गई है.
जमीन उपलब्ध, सैनिक परिवार की संख्या भी अधिक
17 फरवरी को लोक शिक्षण संचालनालय ने स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव को पत्र लिखा था. इस पत्र में बताया कि धमतरी में जमीन उपलब्ध है और यहां बड़ी संख्या में सैनिक परिवार भी रहते हैं. इन्हीं को आधार मानते हुए सैनिक स्कूल खोलने की प्रारंभिक सहमति दी गई है.
आगे की प्रक्रिया क्या होगी
प्रारंभिक सहमति के बाद प्रस्ताव स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव के पास जाएगा. वहां से इसे अंतिम स्वीकृति के लिए रक्षा मंत्रालय को भेजा जाएगा. सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद सैनिक स्कूल की स्थापना का मार्ग साफ होगा.
छत्तीसगढ़ में अभी सिर्फ एक सैनिक स्कूल
फिलहाल छत्तीसगढ़ में केवल एक ही सैनिक स्कूल है, जो अंबिकापुर में स्थित है. इसके कारण छात्रों को पढ़ाई के लिए नागपुर और अन्य राज्यों में जाना पड़ता है. धमतरी में स्कूल खुलने से स्थानीय छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी.

