कबीरधाम :- कबीरधाम जिले में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 9 क्विंटल (900 किलो) गांजा जब्त किया है। यह कार्रवाई थाना चिल्फी पुलिस ने की, जिसने एक संदिग्ध कंटेनर को रोककर तलाशी ली और भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, कंटेनर नागालैंड पासिंग का है। तलाशी के दौरान कंटेनर से 30 बोरियों में भरा गांजा बरामद हुआ। प्रत्येक बोरी का वजन लगभग 30 किलो बताया जा रहा है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपये आंकी गई है, जबकि कंटेनर की कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आयाज खान नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो राजस्थान के भरतपुर का निवासी बताया जा रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी यह गांजा ओडिशा से राजस्थान ले जा रहा था।
पुलिस फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी चोट के रूप में देखा जा रहा है। आगे भी मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

