एमसीबी:- छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ जिले से प्रशासनिक व्यवस्था को कटघरे में खड़ा करने वाला एक वीडियो सामने आया है, जो इस समय सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय से जुड़ा बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में कार्यालय में पदस्थ लेखा पर्यवेक्षक दिनेश प्रसाद शर्मा सरकारी दफ्तर के भीतर टेबल पर पैर रखकर मोबाइल फोन चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो कार्यालय समय के दौरान का है, जब सरकारी कर्मचारियों से अपने-अपने कार्यों के निर्वहन की अपेक्षा की जाती है। लेकिन वीडियो में जिस तरह से एक जिम्मेदार पद पर बैठा अधिकारी कामकाज छोड़कर आराम की मुद्रा में मोबाइल का उपयोग करता नजर आ रहा है, उसने सरकारी कार्यालय की गरिमा और अनुशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।कार्यालय में मौजूद किसी व्यक्ति ने यह दृश्य अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया और बाद में इसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।

