रायपुर :- छत्तीसगढ़ पुलिस के पूर्व महानिदेशक और 1973 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वरिष्ठ अधिकारी विश्वरंजन का शनिवार रात निधन हो गया। उन्होंने पटना के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। हृदय संबंधी समस्याओं के चलते उनका उपचार चल रहा था। उनके निधन की खबर से प्रशासनिक व पुलिस गलियारों में शोक की लहर व्याप्त है।
कार्डियक अरेस्ट के बाद ली अंतिम सांस
सूत्रों के अनुसार, विश्वरंजन को पिछले महीने कार्डियक संबंधी दिक्कतों के कारण पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार रात अचानक उनकी स्थिति बिगड़ी और डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
छत्तीसगढ़ के छठे DGP के रूप में दी सेवाएं
विश्वरंजन छत्तीसगढ़ राज्य के छठे पुलिस महानिदेशक थे। साल 2007 में तत्कालीन DGP ओपी राठौर के आकस्मिक निधन के बाद, तत्कालीन रमन सिंह सरकार ने उन्हें राज्य पुलिस की कमान सौंपी थी।
इंटेलिजेंस ब्यूरो में रहा लंबा अनुभव
1973 बैच के अधिकारी विश्वरंजन की पहचान एक बेहद सुलझे हुए और ‘इंटेलिजेंस एक्सपर्ट’ के रूप में थी। वे अपने करियर का एक बड़ा हिस्सा केंद्र में इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में रहे। IB में वे एडिशनल डायरेक्टर के पद तक पहुंचे थे।

