रायपुर : छत्तीसगढ़ में फिर से ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) के छापे पड़े हैं। रायपुर में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार विनोद वर्मा के देवेंद्र नगर स्थित निवास में दबिश दी गई है। ओएसडी आशीष वर्मा और मनीष बंछोर के भिलाई-3 निवासपर भी कार्रवाई चल रही है। कारोबारी विजय भाटिया के घर भी जांच चल रही है। वहीं छत्तीसगढ़ में ईडी के छापे का कांग्रेसियों ने विरोध किया है।
मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार विनोद वर्मा के यहां ईडी का छापा पड़ने पर युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने घर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं भिलाई में सीएम के ओएसडी आशीष वर्मा के घर के बाहर भी समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ी हुई है. ढोल नगाड़ों के साथ कार्यकर्ता ईडी के छापे का विरोध कर रहे और पीएम, ईडी मुदार्बाद के नारे लगा रहे.
ईडी के अधिकारियों ने ओएसडी आशीष वर्मा के घर प्रिंटर और कोपियर मंगाया है. आशीष वर्मा की संपत्ति और दस्तावेजों की छानबीन कर रहे हैं.सीएम भूपेश ने इस कार्रवाई को पीएम मोदी की ओर से दिया गया बर्थडे गिफ्ट बताया है। मुख्यमंत्री का आज जन्मदिन है आज ही ईडी का छापा पड़ा है। प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें ट्वीट कर बधाई और शुभकामनाएं दी है। वरिष्ठ कांग्रेसी पवन खेड़ा ने भी ट्वीट कर भाजपा पर रेड करवाने का आरोप लगाया है।
मनीष बंछोर, आशीष वर्मा के भिलाई तीन निवास और कारोबारी विजय भाटिया के नेहरू नगर ईस्ट स्थित मकान में सुबह से ईडी की टीम दस्तावेजों की जांच कर रही है। मकान के अंदर और बाहर सीआरपीएफ जवानों को तैनात किया गया है।

