कोरबा:- प्री-मैट्रिक आदिवासी छात्रावास छुरी में नशे में धुत रसोइये ने छठवीं कक्षा के छात्र पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घायल छात्र को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों में आक्रोश है।
नशे में पहुंचा रसोइया, किया हमला
बताया जा रहा है कि छात्रावास में पदस्थ रसोइया केसर दुबे शराब के नशे में धुत होकर पहुंचा और वहां रह रहे छात्र पुष्पेंद्र कंवर पर कुल्हाड़ी (टंगिया) से हमला कर दिया। हमले में छात्र बाल-बाल बच गया, लेकिन उसकी आंख के ऊपरी हिस्से में गंभीर चोट आई है।
अधीक्षक की अनुपस्थिति में वारदात
घटना के समय छात्रावास अधीक्षक छुट्टी पर थे, जिसका फायदा उठाकर रसोइये ने वारदात को अंजाम दिया। घटना से छात्रावास में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर छात्र के अभिभावक मौके पर पहुंचे और उसे घर ले जाकर अस्पताल में भर्ती कराया।
पहले भी करता था अभद्र व्यवहार
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और छात्रों का कहना है कि रसोइया पहले भी शराब के नशे में छात्रावास आता था और छात्रों के साथ अभद्र व्यवहार करता था। उन्होंने छात्रावास में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोषी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

