गौरेला-पेंड्रा-मरवाही:- जिले के गौरेला में घरेलू विवाद में खौफनाक रूप ले लिया. सोमवार शाम शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और 15 वर्षीय नाबालिग बेटी को कमरे में बंद कर दरवाजे के नीचे से पेट्रोल डालकर आग लगा दी. घटना दत्तातरई गार्डन के पास बने सुलभ शौचालय परिसर के पास हुई. इस घटना में मां-बेटी गंभीर रूप से झुलस गईं.
जानकारी के अनुसार, आरोपी अक्सर शराब के नशे में घर आकर विवाद करता था. सोमवार शाम भी वह नशे की हालत में घर पहुंचा और झगड़ा करने लगा. विवाद बढ़ता देख पत्नी अपनी बेटी के साथ कमरे में चली गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया. आरोप है कि इसके बाद पति ने कमरे को बाहर से बंद कर दिया और दरवाजे के नीचे से पेट्रोल डालकर आग लगा दी. कुछ ही देर में कमरे में आग फैल गई और मां-बेटी मदद के लिए चीखने लगीं.
आधे घंटे बाद बचाई गई जान
करीब आधे घंटे बाद सुलभ शौचालय पहुंचे एक व्यक्ति ने बाहर से बंद दरवाजा खोला. अंदर का दृश्य देखकर वह तुरंत दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचा. अस्पताल के सिविल सर्जन के अनुसार, महिला लगभग 35 प्रतिशत तक झुलस गई हैं. उनके हाथ, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में जलन है. खून की कमी के कारण उन्हें रक्त चढ़ाया जा रहा है. बेटी का भी इलाज जारी है. फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.

