बलरामपुर : जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र के रीजनल स्टोर में 14 लाख रुपये से अधिक के लागत के 643 मीटर केबल की चोरी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले का पर्दाफाश करते हुए डकैती में संलिप्त आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से देसी नकली कट्टा समेत एक नग तलवार, औजार के साथ ही वारदात में प्रयुक्त स्कूटी, मोटरसाइकिल एवं छोटा हाथी वाहन भी बरामद किया है।
वहीं मामले के फरार मुख्य आरोपित नगर के कबाड़ी समेत करीब डेढ़ दर्जन आरोपियों की तलाश जारी है। बता दें कि बीते शुक्रवार की रात एसईसीएल के रीजनल स्टोर में सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में चोरों ने दबिश देकर 14 लाख रुपये से अधिक लागत के 643 मीटर कॉपर केबल की चोरी कर ली थी। सुरक्षा कर्मियों की स्टोर में ड्यूटी के बावजूद चोरो ने रीजनल स्टोर में प्रवेश कर स्टोर परिसर स्थित केबल की चोरी कर ली थी। सीसीटीवी फुटेज में नगर के पउआपारा निवासी कबाड़ी भी चोरी करते नजर आने की बात सामने आ रही है, जो घटना के बाद से ही फरार हो गया है।
इस मामले में एसईसीएल प्रबन्धन ने भी दो सुरक्षा गार्डों को चार्जशीट जारी करने के साथ ही निलंबित भी कर दिया है। पुलिस टीम द्वारा संदेही कबाडिय़ों से की जा रही पूछताछ के दौरान मिले क्लू के आधार पर पुलिस ने शंकर मानिकपुरी 38 वर्ष समेत दिलीप सिंह 52 वर्ष, प्रमोद मंडल 35 वर्ष सभी निवासी माइनस कॉलोनी झोपड़पट्टी बिश्रामपुर, ईश्वर चंद यादव 32 वर्ष निवासी ग्राम पोड़ीं थाना सुरजपुर, जसपाल सिंह उर्फ बादल 23 वर्ष निवासी बाजारपारा शिवनंदनपुर एवं रंगलाल उर्फ रंगा 22 वर्ष निवासी ग्राम पोड़ीं थाना सूरजपुर को हिरासत में लेकर सघन पूछताछ की।
पूछताछ में उन्होंने इस बात की जानकारी दी कि उन्हें चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए नगर के जेएमक्यू कॉलोनी के झोपड़पट्टी में रहने वाले कबाड़ी नितेश सिंह ने बुलाया था। उसके बाद उन्होंने तालाब पारा निवासी तौफीक अंसारी, माइनस कॉलोनी निवासी शशिकांत यादव, कबाड़ी मोहल्ले के बलजीत कबाड़ी, प्रमोद मंडल रोशन गोविंदा गौतम विजय सनी मद्रासी मोटू बादल ताम्रकार बलजीत कबाड़ी की पत्नी गुडिय़ा एवं उसकी बहन पूजा आदि के साथ हथियार से लैस होकर रीजनल स्टोर में केबल चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
उन्होंने यह भी बताया कि जसपाल सिंह उर्फ बादल के छोटा हाथी वाहन क्रमांक यूपी 64 बीटी 4574 के जरिए चोरी किया गया केबल सूरजपुर के रिंग रोड स्थित एक कबाड़ी के गोदाम में पहुंचाया गया था। इसके आधार पर पुलिस ने पकड़ में आए आरोपितो के कब्जे से एक नग देसी नकली कट्टा, एक नग तलवार, अन्य औजार, 40 मीटर केबल के अलावा वारदात में प्रयुक्त छोटा हाथी वाहन, एक स्कूटी वाहन एवं एक मोटरसाइकिल को बरामद कर लिया है।

