बिलासपुर : जिले में बुक डिपो संचालक के फांसी लगाकर आत्महत्या करने वाले मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। इस मामले में मौत को लगाने से पहले शख्स का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह अपनी बैंककर्मी पत्नी से कुछ बातें साझा करता नजर आ रहा है।
वीडियो में शख्स कह रहा है कि ये अंतिम वीडियो है तुम्हारे लिए… LOVE YOU.. मैं बहुत परेशान हो गया हूं, एक आदमी कृष्णा राठौर रामा ग्रीन सिटी में रहता है, उसने मुझे बर्बाद कर दिया है, मैं उसका पूरा पैसा चुका दिया हूं पर उसने मेरी गाड़ी रख ली है। मुझसे तीन लाख रुपए एक्स्ट्रा मांग रहा है, मैं कहा से लाऊं तीन लाख रुपए। इसलिए मैं सुसाइड करने जा रहा हूं, उसको छोड़ना मत, उसे फांसी लगवाना।
आज मैं मर रहा हूं न.. वो भी मरेगा, उसके भी छोटे छोटे बच्चे हैं, जैसे मेरी बच्ची है, कीड़ा लगेगा उसको, मरेगा सड़-सड़ के वो, पापा-मम्मी का ख्याल रखना, बाबू का ख्याल रखना, मजा आया लाइफ में, तुम्हारे साथ अच्छा लगा, अपना ख्याल रखना, तुम बहुत स्ट्रांग हो, मुझे मालूम है…LOVE YOU, बाय। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने सूदखोर कृष्णा राठौर पर केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है। बताया जाता है कि सुमित ने कृष्णा राठौर से कर्ज लिया था, पूरी रकम चुकाने के बाद भी कृष्णा राठौर उससे तीन लाख रुपए की और मांग कर रहा था। कृष्णा राठौर उसकी कार को जबरन उठा ले गया था और उसे अपने नाम करने के लिए दबाव डाल रहा था। इधर, वह परिवारवालों से झूठ कह दिया था और बताया था कि उसकी कार सर्विसिंग के लिए गई है।
वह कार वापस पाने के लिए कृष्णा राठौर को फोन लगाता रहा। इसकी भी रिकॉर्डिंग आई है। लेकिन, फिर भी कृष्णा का दिल नहीं पसीजा। आखिरकार, तंग आकर सुमित को सुसाइड करना पड़ा। सूदखोरी और प्रताड़ना का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कृष्णा राठौर के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
