रायपुर:- छत्तीसगढ़ के नेवरा-तिल्दा क्षेत्र स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत महिला मजदूर ने ठेकेदार पर अश्लील हरकत, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना रायपुर में नामजद एफआईआर दर्ज की गई है।
ठेकेदार पर गंभीर आरोप
पीड़िता (26) ने अपनी शिकायत में बताया कि वह अपने पति के साथ नेवरा-तिल्दा स्थित वकरंगी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में काम करती है। उसके पति कंपनी में सुपरवाइजर हैं, जबकि वह मजदूरी का कार्य करती है। महिला का आरोप है कि कंपनी का ठेकेदार बसंत कुर्रे पिछले डेढ़ माह से उससे अश्लील बातें करता था और मौके मिलते ही छेड़छाड़ करता था।
घर में घुसकर की छेड़छाड़
महिला के अनुसार, 1 मार्च 2026 की शाम ठेकेदार उसके घर पहुंचा, जहां उस समय उसका पति मौजूद नहीं था। आरोप है कि आरोपी ने जबरदस्ती उसे पकड़कर अश्लील हरकतें कीं और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण पीड़िता ने उस समय किसी को घटना की जानकारी नहीं दी।
फोन पर अश्लील बातें, पति को दी धमकी
पीड़िता ने बताया कि 3 अप्रैल 2026 को आरोपी ने उसे फोन करने के लिए कहा। रात में पति की मौजूदगी में स्पीकर पर कॉल करने पर आरोपी ने अश्लील बातें कीं और मिलने का दबाव बनाया। विरोध करने पर आरोपी ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए पुलिस और राजनीति में पहुंच होने का दावा किया तथा दंपति को जान से मरवाने की धमकी दी।
रिश्तेदार पर भी दबाव
शिकायत में यह भी आरोप है कि आरोपी के भतीजे रिंकु कुर्रे ने भी पीड़िता के पति और एक परिचित को धमकाते हुए मामले में शिकायत न करने की चेतावनी दी। पीड़िता ने बताया कि आरोपी के साथ हुई ऑडियो और वीडियो कॉल की रिकॉर्डिंग उसके पास मौजूद है, जिसे वह सबूत के तौर पर पेश करेगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, हालांकि खबर लिखे जाने तक आरोपी से पूछताछ नहीं हो सकी है।

