महासमुंद : प्रदेश में कई च्वॉइस सेंटर संचालित हैं जो जन्म प्रमाण पत्र बनाने से लेकर लोन निकलवाने तक का काम करते हैं। कई ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामीण इनके ही भरोसे होते हैं और अपना सारा काम इनके भरोसे दे देते हैं। लेकिन उनकी यही विश्वास उनके जी का जंजाल बन गया। दरअसल, महासमुंद जिले में एक च्वॉइस सेंटर संचालिका ने ग्रामीणों को अपने जाल में फंसाकर उनसे कोरे कागज में साइन ले लिया और उनके नाम पर लाखों रुपए का लोन ले लिया।
च्वॉइस सेंटर संचलिका ने ग्रामीणों के अशिक्षित होने का फायदा उठाकर उन्हें आसानी से ठग लिया। पूरा मामला महासमुंद जिले के बसना थानाक्षेत्र के ग्राम खेमडा का है जहां गांव में ही च्वाइस सेंटर संचालित करने वाली रेखा यादव पर गांव की 13 समूह की दो दर्जन से ज्यादा महिलाओं को अपने ठगी का शिकार बनाया है।
जानकारी के मुताबिक, महिलाओं ने आरोप लगाया है कि संचालिका रेखा एक वर्ष से पूर्व से पीड़ित महिलाओं से उनका आधार कार्ड लेकर कोरे कागज पर अगूंठा लगवा लेती है. फिर भारत माइक्रो फाइनेंस कम्पनी से मिली भगत कर इन महिलाओं के नाम किसी के नाम से 30 हजार , 50 हजार , 1 लाख रुपये से लेकर 2 लाख रुपये निकाल लिये है और उसका किस्त स्वंय जमा करती है।
इस तरह उसने लाखों रुपये निकाल लिए। इधर कुछ माह से जब किस्त नहीं पटाया तो भारत माइक्रो फाइनेंस के कर्मचारी पीड़ित महिलाओं के घर पैसा लेने आये तो इन महिलाओं को पता चला कि इनके नाम से लोन है। महिलाओं ने इस घटना को लेकर पुलिस से शिकायत की और इंसाफ की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामला सामने आया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

