बिलासपुर :- छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पेंडरवा गांव में बुधवार को प्रतिशोध और सनक की एक ऐसी भयावह तस्वीर सामने आई, जिसने झकझोर कर रख दिया है। अवैध संबंध के संदेह में सुलग रही नफरत की आग ने एक हँसते-खेलते परिवार को लहूलुहान कर दिया, जब सुरेश श्रीवास अपने बेटे सुमीत और नैतिक श्रीवास के साथ मिलकर हाथों में नंगी तलवारें लिए शेख सलीम और चांदी खान के घर में जा घुसा।
बताया जा रहा है कि सुरेश को अपनी पत्नी के साथ सलीम के कथित संबंधों का शक था, जिसकी तलाश में वह इस कदर अंधा हो गया कि जब उसे सलीम नहीं मिला, तो उसने घर में मौजूद बेगुनाह महिलाओं और बच्चों को ही अपना निशाना बना लिया। हमलावरों ने आव देखा न ताव और घर के भीतर मौजूद लोगों पर तलवारों से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए, जिससे घर की 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला मुराद बी की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
इस बर्बर हमले में घर के पांच मासूम बच्चे और दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनकी चीख-पुकार से पूरा गांव दहल उठा। घटना के बाद इलाके में व्याप्त भारी तनाव और आक्रोश को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने स्वयं मोर्चा संभाला और पुलिस की मुस्तैदी से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

