रायपुर : छत्तीसगढ़ में पटवारियों का आंदोलन खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। सीएम भूपेश बघेल की नाराजगी के बाद भी बात बनती हुई नहीं दिखाई दे रही है। छत्तीसगढ़ के राजस्व पटवारी संघ की 15 मई से जारी हड़ताल पर सीएम भूपेश बघेल की नाराजगी सामने आने के बाद शासन ने हड़ताल को अवैध घोषित करते हुए बुधवार को एस्मा कानून लागू कर दिया था जिसके बाद पटवारियों की हड़ताल अवैध घोषित हो गई है।
लेकिन अब यह खबर आ रही है कि पटवारियों ने एस्मा की कॉपी को जला दिया। तूता धरना स्थल में प्रदर्शन कर रहे पटवारियों ने कॉपी को जला दिया और कहा कि कि बातचीत का रास्ता अब भी खुला, सरकार पहल करें। एस्मा लगाया, लेकिन आदेश की कॉपी तक नहीं दी। हम तैयार हैं, सरकार चाहे जो कार्रवाई कर ले। बता दें कि राजस्व कार्य में लोगों की परेशानी देखते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुख्य सचिव को कड़े निर्देश दिया था।
जिसमें उन्होंने कहा था कि पटवारियों की हड़ताल के चलते युवाओं के नौकरियों, नागरिकों के काम और भत्ते से संबंधित किसी भी कार्य में किसी भी तरह की कोई रुकावट नहीं आनी चाहिए। बता दें कि राजस्व पटवारी संघ की बेमियादी हड़ताल की वजह से आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र सहित पटवारियों से जुड़े सभी काम पूरी तरह प्रभावित चल रहे थे।

