तिल्दा:- उधारी रकम वापस न करने की बात को लेकर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने के मामले में तिल्दा नेवरा पुलिस ने घटना के महज कुछ ही घंटों के भीतर तिल्दा नेवरा पुलिस द्वारा 03 आरोपियों एवं उनके 01 नाबालिग साथी (विधि से संघर्षरत बालक) को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 01-01 नग धारदार चाकू जप्त किया गया है।
घटना का संक्षिप्त विवरण
प्रकरण में आरोपीगण अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर पूर्व में आहत दुर्गेश धृतलहरे, निवासी तुलसी नेवरा से उधारी में दी गई रकम की मांग करने गए थे। रकम वापस न मिलने की स्थिति में उसकी हत्या करने की नीयत से आरोपीगण प्रत्येक अपने-अपने पास धारदार चाकू लेकर बीती रात्रि आहत के घर पहुंचे।
आरोपीगण द्वारा आहत के घर का दरवाजा बलपूर्वक तोड़कर अनाधिकृत रूप से प्रवेश किया गया एवं पैसों की मांग की गई। आहत द्वारा रकम देने से इंकार करने पर आरोपियों ने चाकू लहराकर भयादोहन किया, गाली-गलौच करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की तथा चाकू से वार कर आहत की बाईं जांघ में गंभीर चोट पहुंचाई।
पुलिस की त्वरित कार्यवाही
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 एवं पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची एवं घायल को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तिल्दा नेवरा लाया गया, जहां उसका समुचित उपचार कराया गया। थाना तिल्दा नेवरा पुलिस द्वारा तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की पतासाजी प्रारंभ की गई। पुख्ता मुखबिर सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों एवं उनके नाबालिग साथी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू जप्त किए गए।
गिरफ्तारी उपरांत आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, वहीं विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों का मार्गदर्शन
घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) जिला रायपुर महोदया श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) प्रशांत शुक्ला एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (विधानसभा) वीरेन्द्र चतुर्वेदी द्वारा थाना तिल्दा नेवरा पुलिस को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया, जिसके फलस्वरूप पुलिस को सफलता प्राप्त हुई।

