रायगढ़ : जिले के कापू थाना क्षेत्र के ग्राम ठाकुर पौड़ी में एक तेज रफ्तार स्कार्पियो ने किशोरी को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कार्पियो वाहन को आग के हवाले कर दिया। सूचना पर मौके में पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बता दें कि पूरी घटना कापू थाना क्षेत्र के ठाकुर पौड़ी गांव की है। यहां एक शादी समारोह हो रहा था। जिसमें स्कार्पियो वाहन उसी शादी समारोह में आया हुआ था। स्कार्पियो चालक गाड़ी को इतनी लापरवाही से चला रहा था कि गांव की ही प्रीति नाम की 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को अपनी गाड़ी की चपेट में ले लिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद स्कार्पियो चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने गाड़ी के मालिक को खूब पीटा और गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। सूचना पर मौके में पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत करवाया और आग को बुझाया। वहीं वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।

