धमतरी:- छत्तीसगढ़ में मौसम ने यू टर्न ले लिया है. शुक्रवार को तेज आंधी तूफान के बीच एक बड़ा हादसा टल गया. यहां कुकरेल में चलती मोटरसाइकिल पर अचानक विशालकाय नीम का पेड़ गिर गया. घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि समय रहते स्थानीय लोगों की मदद से दोनों मोटरसाइकिल सवारों की जान बच गई.
आंधी तूफान में गिरा पेड़
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को मौसम अचानक खराब हो गया और तेज आंधी-तूफान के साथ हवाएं चलने लगी. इसी दौरान धमतरी-नगरी मार्ग पर स्थित कुकरेल बस स्टैंड के पास सड़क किनारे नीम का पेड़ अचानक गिर गया. उसी समय वहां से गुजर रही एक मोटरसाइकिल पेड़ की चपेट में आ गई. पेड़ के गिरते ही आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया. ग्रामीणों और व्यापारियों ने मिलकर मोटरसाइकिल सवार दोनों युवकों को पेड़ के नीचे से सुरक्षित बाहर निकाला. हादसे में दोनों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया. गनीमत रही कि कोई गंभीर जनहानि नहीं हुई.

