सूरजपुर:- जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कलयुगी मां ने अपने ही चार माह के दुधमुंहे बच्चे की पटककर हत्या कर दी. इस अमानवीय कृत्य के बाद पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
बच्चा रोने लगा तो मां ने खोया आपा
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला बीते 25 मार्च का है. जयपुर गांव निवासी बृन्दावती अपने चार माह के पुत्र हंसराज को गोद में लेकर घर के बाहर खड़ी थी. इसी दौरान बच्चा लगातार रो रहा था. बच्चे का रोना मां को इतना नागवार गुजरा कि वह गुस्से में आपा खो बैठी. गुस्से में आकर उसने मासूम बच्चे को जोर से जमीन पर पटक दिया.
पिता अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन…
घटना के समय सड़क के दूसरी ओर उसका पति सुनसाय खड़ा होकर किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत कर रहा था. बच्चे को पटकने के बाद आरोपी मां ने गंभीर रूप से घायल बच्चे को उठाया और पति को थमा दिया. इसके बाद परिजन तत्काल बच्चे को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे. अस्पताल में इलाज के दौरान मासूम हंसराज ने दम तोड़ दिया. वह बच्चा जिसने अभी दुनिया को ठीक से देखा भी नहीं था, उसकी जिंदगी एक पल के गुस्से में खत्म हो गई.
