भिलाई:- शहर के गणेश नगर वार्ड-5 में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां महज 10 साल की बच्ची ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। इस घटना से इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है। मृतका की पहचान गुरप्रीत कौर उर्फ खुशी के रूप में हुई है, जो स्वामी आत्मानंद स्कूल जामुल में कक्षा चौथी की छात्रा थी।घटना के समय घर में कोई बड़ा सदस्य मौजूद नहीं था।
बताया जा रहा है कि पिता पेशे से ड्राइवर हैं और मां ब्यूटी पार्लर में काम करती हैं, दोनों ही उस वक्त घर से बाहर थे। जानकारी के अनुसार, बच्ची का किसी बात को लेकर अपने छोटे भाई से विवाद हो गया था। इसके बाद वह नाराज होकर कमरे में चली गई और दरवाजा बंद कर लिया। कुछ ही देर में उसने टेबल के सहारे चुनरी से फांसी लगा ली।जब परिजनों को इस बात की जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

