नई दिल्ली :- गोठीवली गांव में एक ट्यूशन शिक्षक पर आठवीं कक्षा की छात्रा को बेरहमी से पीटने का गंभीर आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि छात्रा पहाड़ा याद नहीं कर पाई, जिससे नाराज होकर शिक्षक रूपाली थवी ने उसे लकड़ी की स्टिक से करीब 20 बार हाथ पर मारा।मारपीट के कारण बच्ची के हाथ में सूजन आ गई और लाल निशान पड़ गए, जिससे उसे तेज दर्द की शिकायत हुई। परिजनों ने एहतियातन एक्सरे भी करवाया, हालांकि फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं हुई है।
पीड़ित छात्रा की मां पूनम वडके ने रबाले पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि शिक्षक ने पढ़ाई के नाम पर कठोर सजा दी। जब परिवार ने आपत्ति जताई तो कथित तौर पर शिक्षक ने कहा कि बच्ची पढ़ाई नहीं करती और यदि समस्या है तो उसे दूसरी ट्यूशन में भेज दें।मामले की गंभीरता को देखते हुए रबाले पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और अन्य विद्यार्थियों से भी पूछताछ की जा रही है।

