रायपुर : राजधानी में जारी रसोइया संघ की हड़ताल में अब भाजपा नेता गौरीशंकर श्रीवास भी कूद पड़े। रसोइया संघ की महिलाएं तूता में धरना प्रदर्शन कर रही थी। इसी दौरान पुलिस और अधिकारी वहां पहुंचकर उनसे हड़ताल ख़त्म करने को लेकर कहने लगे। महिलाओं ने इसका वीडियो जारी कर मदद मांगी तो भाजपा नेता गौरीशंकर श्रीवास वहां पहुंच गए।
उन्होंने वहां पहुंचकर जब कार्रवाई का विरोध किया तो वे भी धरने पर बैठ गए। अधिकारियों ने उनसे उनका नाम पूछा तो उन्होंने कहा – गूगल कर के देख लीजिए। भाजपा नेता ने अधिकारियों की लाई सरकारी आदेश की कॉपी भी फाड़ दी। उन्होंने कहा, आप लोग पुलिस लेकर आए हैं, हम लोगों की हत्या कर दीजिए, जेल ले जाइए। बाबा अंबेडकर ने धरना-प्रदर्शन करने का हमें मौलिक अधिकार दिया है।
उन्होंने कहा, धरने पर बैठी रसोइया संघ की प्रांत अध्यक्ष नीलू ओगरे को प्रशासन जबरन परेशान कर रहा है। उनके साथ पुलिस ने गिरफ्तारी के नाम पर अभद्र व्यवहार भी हाल ही में किया था। बता दें कि हाल ही में रसोइया संघ के मानदेय में 300 रुपए की बढ़ोत्तरी हुई है जो काफी कम है। मानदेय में वृद्धि करने को लेकर रसोइया संघ आंदोलन कर रहा है।

