रायपुर : आगामी चुनाव के पहले मध्यप्रदेश में बड़ी सियासी उथल पुथल हो गई है जिसने भाजपा का संकट और बढ़ा दिया है। MP के पूर्व CM के बेटे और BJP के पूर्व मंत्री दीपक जोशी आज कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। वे काफी वक़्त से BJP से नाराज चल रहे थे। पिछले कई दिनों तक नाराजगी के बाद भाजपा के बड़े नेताओं ने उन्हें मनाने का भी प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने और आज पूर्व सीएम कमलनाथ ने उन्हें कांग्रेस में प्रवेश करवा दिया।
दीपक जोशी की नाराजगी के बाद भाजपा के पूर्व विधायक भँवर सिंह शेखावत की भी नाराजगी देखने को मिली थी। उन्होंने कहा था कि “मध्य प्रदेश में जिन लोगों ने 2018 में पार्टी को नुक़सान पहुँचाया उनको पार्टी लगातार पुरस्कृत कर रही है, यही बात कार्यकर्ता संगठन से कह रहा है।” हालांकि उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि वे कांग्रेस में शामिल नहीं होंगे। दीपक जोशी, पिता कैलाश जोशी की तस्वीर हाथों में लेकर भोपाल में कांग्रेस दफ़्तर पहुँचे बीजेपी नेता।
बता दें कि मध्यप्रदेश के पहले छत्तीसगढ़ में भी बड़ा उलटफेर देखने को मिला था। लगभग 40 सालों तक भाजपा के सच्चे साथी रहे पूर्व सांसद और आदिवासी नेता नंदकुमार साय ने कांग्रेस का दामन थाम लिया था। रायपुर के राजीव भवन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिलाई है।
इस्तीफे में लिखा था दर्द …
आदिवासी नेता साय ने अपने इस्तीफे में लिखा था, मुझ पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। मेरी गरिमा को लगातार ठेस पहुंचाई जा रही है, जिससे मैं आहत महसूस कर रहा हूं। उन्होंने अपना इस्तीफा स्वीकार करने का आग्रह करते हुए कहा था कि बहुत गहराई से विचार करने के बाद मैंने बीजेपी में अपने सभी पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया। दो बार के लोकसभा सांसद और तीन बार के विधायक साय पूर्व में छत्तीसगढ़ और अविभाजित मध्य प्रदेश दोनों में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। साय ने अपने त्यागपत्र में आरोप लगाया कि उनके सहयोगी साजिश रच रहे थे। और उनकी छवि खराब करने के लिए झूठे आरोप लगा रहे थे। जिससे उन्हें बहुत दुख हुआ।

