कोरबा : जिले के बालको वन परिक्षेत्र के ग्राम टापरा के शैगोन जंगल में आज सुबह तेंदूपत्ता तोड़ने गए दो महिलाओं पर भालुओं ने हमला कर दिया। एक महिला ने चीख पुकार मचाना शुरू किया तो भालू वहां से भाग गया। वहीं दूसरी महिला को मरा हुआ समझकर दूसरा भालू भी वहां से भाग गया। बता दें कि घायल महिला फूल कुंवर 50 वर्ष और चंद्रमति 55 वर्ष दोनों टापरा गांव के रहने वाले हैं।
दोनों महिलाएं सुबह करीब 9 बजे तेंदूपत्ता तोड़ने गांव से लगे जंगल में गए। इस दौरान अचानक से भालुओं ने उन पर हमला कर दिया। एक भालू ने चंद्रमति पर हमला किया तो वह गड्ढे में जा गिरी और बेहोश हो गई। उसे मरा समझकर भालू वहां से भाग गया। वहीं फूलकुंवर भी चीख-पुकार मचाती रही और 5 मिनट तक दोनों के बीच संघर्ष चलता रहा।
फिर वह भालू भी वहां से भाग गया। तब कहीं फूलकुंवर की जान बची। खून से लथपथ फुलकुंवर किसी तरह घर पहुंची और घटना की जानकारी दी। जिससे परिजन मौके पर पहुंची तो चंद्रमति बेहोश पड़ी थी, जिसे घर लेकर गए। वहां उन्होंने 112 और वन विभाग की टीम को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने दोनों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया है।

