कोलंबिया:- दक्षिण पश्चिम हिस्से में एक बड़ा विमान हादसा हो गया। यहां एक सैन्य मालवाहक विमान उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। ताया जा रहा है कि प्लेन उड़ान भरने के करीब 1.5 किलोमीटर बाद, पेरू बॉर्डर के पास हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे में 33 लोगों की मौत हो गई और कम से कम 81 लोग घायल हो गए।
125 लोग थे सवार
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा पेरू सीमा के पास दक्षिणी अमेजन क्षेत्र के प्यूर्टो लेगुइजामो में हुआ। बताया जा रहा है कि सैन्य मालवाहक विमान कोलंबिया के दक्षिण पश्चिम हिस्से में 125 लोगों को ले जा रहा था। इसी दौरान टेकऑफ के बाद 1.5KM दूर पेरू बॉर्डर के पास प्लेन क्रैश हो गया।
रक्षा मंत्री पेड्रो सांचेज़ ने जताया दुख
कोलंबिया के रक्षा मंत्री पेड्रो सांचेज़ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि यह ‘‘दुखद हादसा’ पुटुमायो प्रांत के एक दूरस्थ नगर पालिका पुएर्टो लेगुइज़ामो में हुई, जो पेरू और इक्वाडोर की सीमा से लगता है। स्थानीय मीडिया द्वारा ऑनलाइन साझा की गई तस्वीरों में विमान दुर्घटनास्थल से काले धुएं का बादल उठता हुआ और सैनिकों से भरा एक ट्रक घटनास्थल की ओर तेजी से जाता हुआ दिखाई दे रहा है। कोलंबियाई वायु सेना के कमांडर कार्लोस फर्नांडो सिल्वा ने बाद में एक वीडियो संदेश में बताया कि हरक्यूलिस सी-130 विमान में 114 यात्रियों और 11 चालक दल के सदस्यों सहित कुल 125 लोग सवार थे।उन्होंने कहा कि दुर्घटनास्थल पर बचाव कार्य जारी है और कम से कम 48 लोगों को जीवित बचा लिया गया है।

