मुंबई :- खुद को फेमस करने के लिए सोशल मीडिया आज के समय में सबसे शसक्त माध्यम है। अच्छी बात ये है कि इस सोशल मीडिया से कई लोग मोटी कमाई भी कर रहे हैं। लेकिन सोशल मीडिया ने कई बार लोगों की पोल भी खोलकर रख दी है। पोल खोलने वाला ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स महिला के साथ रंगरलियां मनाते हुए दिखाई दे रहा है। दावा किया जा रहा है कि ये वीडियो महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता नरहरी झिरवल का है। वहीं, जो उनके साथ जो नजर आ रही है वो किन्नर है। वीडियो के वायरल होने के बाद सियासी गलियारे में बवाल मचा हुआ है।
नरहरी झिरवल का कथित वीडियो वायरल
दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो मंत्री के आधिकारिक आवास का है, जिसमें वह किन्नर के साथ आपत्तिजनक स्थिति में नजर आ रहे हैं। हालांकि, गुरुवार को एक मराठी समाचार चैनल से बात करते हुए झिरवल ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। झिरवल ने दावा किया कि यह एक ‘डॉक्टर्ड’ (छेड़छाड़ किया हुआ) और असेंबल किया गया वीडियो है, जिसे केवल उन्हें ब्लैकमेल करने की नीयत से लीक किया गया है। मंत्री ने यह माना कि वह वीडियो में दिख रहे किन्नर को पिछले पांच सालों से जानते हैं, लेकिन उनका कहना है कि इस ब्लैकमेलिंग के पीछे किसी ऐसे व्यक्ति का हाथ है जो उस ट्रांसपर्सन को जानता है। वीडियो में शराब की बोतलें दिखने के सवाल पर झिरवल ने स्पष्ट किया कि वह शराब नहीं पीते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक किसी ने उनसे इस्तीफा नहीं मांगा है।
विपक्ष ने साधा निशाना
वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद विपक्षी नेताओं ने सरकार पर करारा प्रहार किया है और नरहरी झिरवल के इस्तीफे की मांग कर दी है। कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने इसे बीजेपी के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार के भीतर चल रहा गैंग वॉर करार दिया। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल एक-दूसरे को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। वडेट्टीवार ने दावा किया कि ट्रांसपर्सन के भाई ने ही ब्लैकमेल करने के लिए यह वीडियो वायरल किया है।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने इसे महाराष्ट्र की राजनीति में नैतिक पतन का ज्वलंत उदाहरण बताया। सोशल मीडिया पर उन्होंने लिखा कि जनता के भरोसे और टैक्सपेयर्स के पैसे पर बैठे एक जनप्रतिनिधि का ऐसा व्यवहार बेहद निंदनीय है। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से झिरवल को तुरंत कैबिनेट से हटाने की मांग की।

