रात भर चैटिंग, सुबह वीडियो कॉल के बाद दोनों ने चुनी दर्दनाक मौत, की लव-स्टोरी का हुआ रूह कंपाने वाला अंत
रायसेन:- डिजिटल युग में दूरियां कम हुई हैं, लेकिन कभी-कभी यह जुड़ाव बेहद दुखद अंत की ओर ले जाता है। मध्य प्रदेश के उज्जैन और रायसेन जिले से एक ऐसी ही सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां, 350 किलोमीटर की दूरी पर बैठे एक प्रेमी जोड़े ने एक ही समय पर मौत को गले लगा लिया। पेशे से इंजीनियर ऋषभ मीणा और उनकी प्रेमिका साक्षी धाकड़ ने शनिवार सुबह करीब 6 बजे आखिरी बार फोन पर बात की और फिर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
350 किमी दूर रहकर भी एक साथ चुनी मौत
एक प्रेम कहानी का अंत इतना खौफनाक होगा, इसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। उज्जैन में कार्यरत एक युवा इंजीनियर और रायसेन की रहने वाली उसकी प्रेमिका ने शनिवार सुबह एक ही समय पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने न केवल दोनों परिवारों को तोड़ दिया है, बल्कि पुलिस प्रशासन को भी हैरत में डाल दिया है।
रात भर चैटिंग और सुबह आखिरी कॉल
पुलिस जांच में सामने आया है कि रायसेन जिले के वनखेड़ी निवासी 26 वर्षीय ऋषभ मीणा, जो उज्जैन के मक्सी रोड पर एक निर्माण परियोजना में इंजीनियर था, का प्रेम प्रसंग 23 वर्षीय साक्षी धाकड़ से था। शुक्रवार की पूरी रात दोनों के बीच व्हाट्सएप पर लंबी चैटिंग हुई। शनिवार सुबह करीब 6 बजे ऋषभ ने साक्षी को अंतिम कॉल किया और उसके तुरंत बाद अपना मोबाइल ‘फ्लाइट मोड’ पर डाल दिया। इसके बाद दोनों ने अपने-अपने स्थानों पर फंदा लगा लिया।
इंजीनियर ने मौत के लिए किए कई प्रयास
उज्जैन के पंवासा थाना प्रभारी ग़मर सिंह मंडलोई के अनुसार, ऋषभ का शव केसर बाग कॉलोनी स्थित उसके कमरे के पोर्च में लटका मिला। जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि ऋषभ ने जान देने के लिए कड़ा संघर्ष किया था। उसने पहले अपने हाथ की नस काटने की कोशिश की, फिर चाकू से गर्दन पर वार किया। जब ये प्रयास विफल रहे, तो उसने बिजली का करंट लगाकर जान देने की कोशिश की, जिससे कमरे में शॉर्ट सर्किट भी हुआ। अंततः उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
प्रेमिका ने नाना के घर में दी जान
ठीक उसी समय रायसेन जिले के चिल्ली सिलारी गांव में रह रही साक्षी धाकड़ ने भी फांसी लगा ली। साक्षी मूलतः सिलवानी क्षेत्र की रहने वाली थी, लेकिन बचपन से अपने नाना के घर रह रही थी। शनिवार सुबह जब परिजनों ने उसे फंदे पर लटका देखा तो कोहराम मच गया। पुलिस को ऋषभ के मोबाइल से दोनों की तस्वीरें और चैट मिली हैं, जिससे उनके गहरे संबंधों और इस आत्मघाती कदम के पीछे की मंशा स्पष्ट हुई है।

