रायपुर : छत्तीसगढ़ में 2023 में विधानसभा चुनाव होना है। इसको लेकर अलग-अलग पार्टी के नेता जोर शोर से मैदान में उतर गए हैं। वहीं आम आदमी पार्टी ने भी पूरे 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर ली है। वहीं आज राजधानी रायपुर में कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने प्रेसवार्ता ली।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोगों में बदलाव की तड़प है। आप पार्टी सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। बदलबो छग के नारे के साथ आम आदमी पार्टी चुनावी समर में कूदेगी। आप पार्टी कल से चुनाव अभियान शुरूआत करेगी। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान कल से चुनावी अभियान बिगुल फूंकने रायपुर आ रहे हैं।
गोपाल राय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अब उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। 15 साल में बीजेपी ने आदिवासी, किसान, युवाओं को छला। स्कूल जर्जर हो गए इसलिए पिछली बार लोगों ने सरकार बदला। कांग्रेस ने गढ़बो छग का नारा दिया। बीते चार साल में आदिवासियों की हालत बदतर हो गई। रोजगार के अवसर पैदा नही हुए।
बीजेपी ने जैसा अडानी से कांट्रेक्ट किया, वैसा कांग्रेस ने किया। हसदेव में क्या स्थिति है किसी से छिपी नहीं। जंगल काटेंगे तो हाथियों का उपद्रव बढ़ेगा। बेरोजगारों को आज तक बेरोजगारी भत्ता नहीं मिला। छत्तीसगढ़ में लूट का तंत्र खड़ा हो गया है। छग के लोगों में बदलाव की तड़प है आप पार्टी कल से चुनाव अभियान शुरूआत करेगी।
