उत्तरप्रदेश :- देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के भगवानपुर तिवारी गांव से चौंकाने वाली खबर आई है। यहां 14 साल के कक्षा 7 के छात्र को मोमोज खाने का इतना शौक था कि तीन युवकों ने उसका फायदा उठाया। बच्चे ने धीरे-धीरे घर से लगभग 85 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के गहने चुराकर मोमोज बेचने वाले ठेले वाले को दे दिए। जब परिवार को इसका पता चला, तो उनके होश उड़ गए।
घटना का विवरण
बच्चे के पिता, विमलेश कुमार मिश्र (जो वाराणसी में मंदिर पुजारी हैं), ने बताया कि उनका बेटा मोमोज का बहुत शौकीन था। देवरिया-कसया मार्ग पर डुमरी चौराहे पर मोमोज का ठेला लगाने वाले तीन युवक दीपक कुमार (पुत्र उमेश), राकेश (पुत्र बिल्लू प्रसाद) और पिंटू (पुत्र राजवीर) ने बच्चे को रोज मुफ्त मोमोज खिलाने का लालच देकर फंसाया। उन्होंने बच्चे से कहा कि अगर वह घर से गहने लाएगा, तो उसे रोज मुफ्त मोमोज मिलेंगे। लालच में आकर बच्चा तीन महीने से अधिक समय तक घर की अलमारी से गहने, जैसे सोने का हार, अंगूठियां, मांगटीका, कंगन, बिछिया, नाक की कील और कान की बाली, निकालकर उन्हें देता रहा। कुल चोरी की कीमत लगभग 80-85 लाख रुपये बताई गई है।
कैसे हुआ खुलासा
25 जनवरी 2026 को बच्चे की बुआ के आने पर अलमारी खोली गई, तो सभी गहने गायब मिले। सख्त पूछताछ पर बच्चे ने सच बता दिया कि वह मोमोज के बदले गहने दे रहा था। इसके बाद परिवार ने तुरंत रामपुर कारखाना थाने में तीनों युवकों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई
थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार सिंह ने मामले की पुष्टि की। पुलिस ने बच्चे और तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, चोरी और नाबालिग को बहकाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है।

