बुरहानपुर :- जिले के नेपानगर से नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है. आरोपी डॉक्टर नेपानगर में निजी क्लिनिक संचालित करता है. गुरुवार शाम को पीड़िता ने नेपानगर थाने पहुंचकर अपने साथ हुआ घटनाक्रम बताया और आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया. इसके बाद नेपानगर पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार किया है. टीआई ज्ञानू जैसवाल के मुताबिक पीड़िता एससी एसटी वर्ग की है, जिसके चलते आरोपी पर पॉक्सो के साथ-साथ एससी एसटी एक्ट की धारा भी बढ़ाई हैं.
क्लिनिक में काम करती थी नाबालिग
नेपानगर थाना प्रभारी ज्ञानू जैसवाल के मुताबिक पीड़िता डॉक्टर के निजी क्लिनिक में काम करती थी. इस दौरान आरोपी ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया. घटना फरवरी माह की बताई जा रही हैं. लेकिन गुरुवार को इस मामले की शिकायत नाबालिग ने परिजनों के साथ नेपानगर थाने पहुंचकर की. पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने निजी क्लिनिक संचालक डॉक्टर के खिलाफ दुष्कर्म का मामाला दर्ज करते हुए पुलिस विभाग के आला अधिकारियों को भी जानकारी दी.

