कटनी:- रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र के अमकुही की पहाड़ी में सामुहिक दुष्कर्म का मामला ठंडा हुआ नही और सोमवार की रात दूसरा सामुहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। शहर के एनकेजे थाना क्षेत्र की एक 15 वर्षीय किशोरी के साथ उसके ही स्कूल के तीन छात्रों ने दुष्कर्म किया था, जिसमें किशोरी गर्भवती हो गई थी।
ये बात उसने स्वजनों से भी छिपाए रखी। मामला तब सामने आया जब सोमवार की रात को किशोरी ने पेट दर्द की शिकायत की और स्वजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर चिकित्सक ने बालिका के गर्भवती होने व लेबर पेन होने की जानकारी दी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
स्वजनों की सूचना पर सीएसपी अस्पताल पहुंची। किशोरी ने एक नवजात को जन्म दिया है। दूसरी ओर एनकेजे पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।पुलिस पूछताछ पर किशोरी ने बताया कि वो जिस स्कूल में पहले पढ़ती थी, शायद उसी स्कूल के तीनों आरोपित थे, जिन्होंने मास्क पहनकर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। वही नाबालिग ने घटना के बारे न तो स्वजनों को बताया न ही पुलिस को।

