सफीदों:- हरियाणा के सफीदों क्षेत्र में होली के रंग बनाने वाली एक फैक्टरी में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में पांच महिलाओं की झुलसकर मौत हो गई, जबकि कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। आग लगते ही फैक्टरी में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
फैक्टरी में करीब 30 मजदूर कर रहे थे काम
बताया जा रहा है कि हादसे के समय फैक्टरी में लगभग 30 मजदूर काम कर रहे थे। मजदूरों का आरोप है कि घटना के समय फैक्टरी के बाहर की ओर ताला लगा हुआ था, जिससे कई लोग समय पर बाहर नहीं निकल पाए और गंभीर रूप से झुलस गए।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
घायलों को एंबुलेंस की मदद से जींद के नागरिक अस्पताल लाया गया। पहली एंबुलेंस से रानी (45) पत्नी अनिल कुमार, जगबीर (40) पुत्र चंद्रभान और पवन कुमार (30) पुत्र बालवीर को अस्पताल पहुंचाया गया। इसके अलावा कश्मीरी (39) पत्नी लाभ सिंह, कमलेश (54) पत्नी रमेश और बिमला (60) पत्नी सत कुमार को भी झुलसी हालत में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। कुछ गंभीर घायलों को पानीपत सिविल अस्पताल भी भेजा गया है।

