शिवपुरी:- कोलारस में एक प्रेम कहानी का बेहद दर्दनाक अंत सामने आया है, जहां पहले प्रेमी अर्जुन पाल की युवती के परिजनों द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। अब उसी घटना के सदमे, दबाव और पारिवारिक उलाहनों के बीच प्रेमिका वर्षा कुशवाह ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ ही दिनों के भीतर हुई इन दो मौतों से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस गहन जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि वर्षा कुशवाह (20) ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी।घटना के समय घर में वर्षा के साथ उसकी चचेरी बहन घर पर थी। वर्षा ने अपनी बहन को खाना लाने के लिए रसोई में भेजा। इसी दौरान उसने कमरे में जाकर फांसी लगा ली। जब बहन खाना लेकर लौटी, तो वर्षा का शव फंदे पर लटका हुआ मिला।
एसडीओपी संजय मिश्रा और थाना प्रभारी गब्बर सिंह गुर्जर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।मामले की आगे की जांच की जा रही है।

