ग्वालियर:- काल कब, कहां किस रूप में सामने आ जाए, कोई नहीं जानता। ग्वालियर के थाटीपुर इलाके में भीषण सड़क हादसे ने न केवल पांच जिंदगियों को लील लिया, बल्कि हंसते-खेलते परिवार को ही उजाड़ कर रख दिया। हंसता-खेलता परिवार नजदीकी रिश्तेदारों के साथ शीतला माता मंदिर के दर्शन के लिए निकला था, लेकिन लौटते समय उनका ऑटो हादसे का शिकार हो गया। एक स्कॉर्पियो कार ने ऑटो को टक्कर मार दी।
इस दृश्य को जिसने भी देखा, उसकी रूह कांप उठी। हादसा था ही इतना वीभत्स…मृतकों के शव आटो के अंदर फंसे हुए थे। सड़क पर बिखरा इनका सामान, मासूम बच्चों के खिलौने हृदय विदारक हादसे के चश्मदीद गवाह थे। इस हादसे ने एक ही परिवार की खुशियों पर ऐसा ग्रहण लगाया, जिस दर्द से यह परिवार कभी उबर नहीं सकेगा। एक ही घर से जब चार अर्थी एक साथ उठीं तो हर आंख नम हो गई।
परिजन ने थाटीपुर क्षेत्र में दो घंटे तक लगाया जाम
शवों का पोस्टमार्टम होने के बाद स्वजन थाटीपुर रोड पर शव लेकर पहुंच गए। यहां शव रखकर चक्काजाम कर दिया। दोपहर ढाई बजे से शाम करीब 4.30 बजे तक दो घंटे तक जाम लगाए रखा। यहां स्वजन की मांग थी कि आरव और प्रियांश बेसहारा हो गए। इनके भविष्य के लिए आर्थिक मदद दी जाए, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।

