छिंदवाड़ा– छिंदवाड़ा शहर के व्यस्ततम व्यापारिक क्षेत्र बुधवारी बाजार में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां स्थित प्रसिद्ध ‘भारत रुई भंडार’ में अचानक भीषण आग लग गई। रुई (कपास) की दुकान होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास के व्यापारियों और रहवासियों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। चूंकि दुकान में भारी मात्रा में रुई, गद्दे और रजाई बनाने का सामान रखा था, इसलिए आग की लपटें काफी ऊंची उठने लगीं। धुएं का काला गुबार दूर से ही आसमान में देखा जा सकता था। संकरी गली और आसपास अन्य दुकानें होने के कारण आग के फैलने का डर बना रहा, जिससे पड़ोसी दुकानदारों ने भी आनन-फानन में अपना सामान हटाना शुरू कर दिया।
कड़ी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोका
दमकल के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने बाल्टियों और उपलब्ध संसाधनों से आग पर काबू पाने की कोशिश की। सूचना मिलते ही नगर निगम की दमकल गाड़ियां और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। फायर फाइटर्स ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को आसपास की दुकानों में फैलने से रोका। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए क्षेत्र की घेराबंदी की ताकि राहत कार्य में बाधा न आए।

