दिल्ली। राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत का मौसम इन दिनों बदला हुआ है. कई इलाकों में ठंडी हवाएं और हल्की बारिश का सिलसिला जारी है और आने वाले दिनों में अभी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है. वहीं, उत्तर बारत के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी देखी जा रही है.
मौसम का पूर्वानुमान लगाने वाली एजेंसी, स्काईमेट के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय के करीब पहुंच गया है और अगले 3-4 दिनों में उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों से होकर गुजरेगा. निचली पहाड़ियों में हल्की बारिश और 12,000′ से ऊपर की ऊंचाई वाले मध्य और ऊंचे इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है. पश्चिमी विक्षोभ का असर बढ़ते बढ़ते मध्य भारत से होते हुए दक्षिणी हिस्सों तक पहुंचेगा.
दिल्ली की बात करें तो यहां आज, 29 नवंबर को भी हल्की बारिश के आसार रहेंगे. मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में आज आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे और बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी होगी. तापमान की बात करें तो न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है. इसके अलावा हवा की गुणवत्ता आज भी बेहद खराब रह सकती है.

