रायपुर : राजधानी के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के शहीद मनमोहन सिंह बक्शी वार्ड में बाइक सवार दो युवकों का मदद करना पिता-पुत्र को महंगा पड़ गया। बाइक सवार बदमाशों ने चाकू की नोक पर पिता-पुत्र से मोबाइल व पर्स लूट लिए। जिसका सीसीटीवी फुटेज सामने आया है।
बता दें कि सीसीटीवी कैमरा में साफ दिख रहा है कि दोनों बदमाश अचानक बाइक से गिरते हैं, जिन्हें देखकर पीछे पैदल आ रहे पिता और पुत्र उन्हें उठाने के लिए जाते हैं। दोनों को उठाते हैं, इसके बाद बदमाश उनसे ही बहसबाजी कर लड़के के जेब में हाथ डालना शुरू कर देते हैं। विरोध करने पर अपने पास रखे चाकू को दिखाकर धमकाना शुरू कर देते हैं। बदमाश युवक से मोबाइल और पर्स की मांग करते हैं। वहीं युवक किसी तरह वहां से अपनी जान बचाकर भागता है, तो उसके पिता को पकड़कर उठाकर पटक देते हैं।
युवक अपने पिता को बचाने में लग जाता है, लेकिन बदमाश अपनी मंसूबे में कामयाब हो जाते हैं और वारदात को अंजाम देकर वहां से भाग जाते हैं। बताया जाता है कि पिता-पुत्र देर रात स्टेशन से उतर कर कोटा इलाके में जा रहे थे। उनके पास पिट्ठू बैग भी था। बताया जा रहा है कि वे चांपा से रायपुर आए थे। इसी बीच पिता और बेटे को बदमाशों ने अपना शिकार बना दिया। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर पतासाजी कर रही है।

