रायपुर : छत्तीसगढ़ में पदस्थ IAS युवराज मरमट और IPS पी मोनिका की शादी इन दिनों सुर्खियों में है। दोनों युवा अफसर की शादी की चर्चा सोशल मीडिया पर खूब हो रही है। हाई प्रोफाइल लोग अपनी शादी में लाखों-करोड़ों खर्च कर देते हैं। लेकिन छत्तीसगढ़ कैडर के IAS अधिकारी युवराज मरमट और IPS पी मोनिका ने सादगी पूर्ण तरीके से कोर्ट में शादी की है।
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पदस्थ ट्रेनी आईएएस युवराज मरमट ने तेलंगाना कैडर की आईपीएस अधिकारी पी. मोनिका संग विवाह रचाया है। कोर्ट रूम में ही उनका जयमाला का कार्यक्रम हुआ। बेहद सादगी से इस जोड़े ने एक-दूसरे को विवाह माला पहनाई और मौके पर मौजूद लोगों को मिठाई बांटी। इस शादी में दो फूल मालाएं, मिठाई और कोर्ट फीस मिलाकर कुल 2 हजार रुपये का खर्च आया। महज दो हजार रूपए के खर्चे में दोनों अफसरों ने विवाह कर एक मिसाल पेश की है।
प्यार में बदली दोस्ती
बता दें कि मूलत: राजस्थान के गंगापुर सिटी के रहने वाल युवराज मरमट ने अपनी आईपीएस अफसर पी मोनिका के साथ कोर्ट मैरिज की है। आईपीएस मोनिका भी उन्हीं के बैच की अधिकारी हैं। सोमवार को रायगढ़ में दोनों युवा अधिकारी सादगी पूर्ण तरीके से कोर्ट मैरिज कर परिणय सूत्र में बंधे। इस दौरान कई प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे। इस दौरान कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने नव विवाहित अधिकारी युगल को बधाई व शुभकामनाएं दीं। सीईओ जिला पंचायत जितेंदर यादव ने भी नवदम्पत्ति को अपनी शुभकामनाएं दीं।

