नई दिल्ली : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इस समय दिल्ली दौरे पर हैं। कल गुरूवार को सीएम भूपेश बघेल दिल्ली गए थे जिसके बाद उन्होंने AICC कार्यालय में प्रेसवार्ता रखी और छत्तीसगढ़ में ED की कार्रवाई को लेकर चर्चा की और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। आज शुक्रवार को सीएम भूपेश बघेल ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ मुलाकात की। इस दौरान देश, प्रदेश की राजनीति, आगे की रणनीति सहित कई मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई।
सीएम भूपेश बघेल ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर देते हुए लिखा – हमारी नेता, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी जी से आज मुलाकात हुई। देश, प्रदेश की राजनीति, आगे की रणनीति सहित कई मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कल दिल्ली में भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा – हम छत्तीसगढ़ के लोग हैं। हम मरने और जेल जाने से नहीं डरते हैं। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव से पहले IT के 250 लोगों की टीम छापा डालेगी। ED आती है तो IT जाती है, IT आती है तो ED जाती है। हमारे यहां यही क्रम चल रहा है।
ED करती क्या है? ED के लोग घरों में जाते हैं, मोबाइल जब्त करते हैं, ज्वैलरी-कैश व बैंक खाते सीज करते हैं। फिर पूरे परिवार को कई दिनों तक बंधक बनाकर रखते हैं और राजनीतिक सवाल पूछते हैं। पहले IT ने छापा डाला, फिर ED की एंट्री हुई। इनका उद्देश्य सिर्फ सरकार को बदनाम करना है। BJP को तकलीफ ये है कि किसानों के 107 लाख मीट्रिक टन धान की बिलिंग कैसे हो गई? अभी तक होता ये था कि फसल बाहर पड़ी-पड़ी सड़ जाती थी। वो सारे नुकसान हमने बचाए हैं, उन्हें इसी बात की परेशानी है। भाजपा ने छत्तीसगढ़ में “ED-IT” को अपना चेहरा घोषित कर दिया है।

